पुंछ। प्रशासन की तरफ से जम्मू कश्मीर के आठ जिलों में अनलॉक की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए कुछ तीसरे चरण के लिए कुछ बदलाव किए गए हैं। रविवार की देर शाम जिले के उपायुक्त इंद्र जीत की तरफ से जारी नए आदेशानुसार अब जिले में हफ्ते में सभी दुकानें पांच दिनों के लिए शिफ्ट के हिसाब से खुलेंगी।
जानकारी के मुताबिक पहली शिफ्ट में सब्जी, बेकरी, मिठाई, मांस, और दूध की दुकानें खुलेंगी। इनका समय सुबह सात बजे से दोपहर एक बजे तक रहेगा। जबकि, अन्य सभी दुकानें दोपहर 11 बजे से शाम सात बजे तक खुलेंगी। इस दोरान सभी दुकानदारों और ग्राहकों को कोरोना से सुरक्षा के सभी उपायों को, विशेष रूप से सामाजिक दूरी और मास्क को अपनाना होगा। इनका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इसके अतिरिक्त सभी सरकारी कार्यालयों और प्राईवेट संस्थानों में कामकाज स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखकर बिना किसी समयसीमा के किया जाएगा। हालांकि, जिले में वीकेंड लॉकडाउन जारी ही रहेगा। इसके अंतर्गत शुक्रवार शाम सात बजे से सोमवार सुबह सात बजे तक आवश्यक चीजों की दुकानों के अलावा सभी दुकानें, संस्थान और यातायात बंद रहेगा।