पुंछ। जिले के मेंढर में वीरवार को दोपहर बाद भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा के पास से पुलिस ने दो युवकों को चार किलो हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। युवक टाटा मोबाइल वाहन में छुपाकर मादक पदार्थों को ले जा रहे थे। पुलिस ने वाहन को भी जब्त कर लिया है।
सूत्रों के अनुसार दोपहर दो बजे के करीब मेंढर सब डवीजन की बालाकोट तहसील में भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा से सटे कांगागली चपरेड़ा क्षेत्र से मंजाकोट-राजोरी की तरफ जा रहे टाटा मोबाइल वाहन (जेके 11सी 9009) को बिरयानी गली इंडिया गेट क्षेत्र में जांच के लिए रोका गया। इस दौरान जब उसका बोनट खोला गया, तो मादक पदार्थाें के चार पैकेट बरामद हुए। इनका वजन चार किलो के करीब था। पुलिस ने दोनों युवकों को दबोचने के साथ वाहन को जब्त कर लिया। वीरवार देर रात तक पुलिस की तरफ से किसी प्रकार की कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई थी। पकड़े गए आरोपियों में वाहन चालक शेरबाज अहमद और महमूद खान दोनों निवासी गांव गलुती तहसील मंजाकोट राजोरी शामिल हैं।