पुंछ। मेंढर के गुरसाई थाना क्षेत्र के भाटा दूड़ियां के नाड़ में स्थानीय लोगों को रॉकेट शेल मिला। सूचना मिलने पर पुलिस और क्षेत्र में तैनात सेना ने मौके पर पहुंच कर राकेट शेल विस्फोट कर नष्ट कर दिया।
राकेट शेल के बारे में माना जा रहा है कि यह शेल गत वर्ष भाटादूड़िया क्षेत्र में आतंकियों और सुरक्षा बलों के बीच 15 दिन चली मुठभेड़ के दौरान सुरक्षा बलों की तरफ से प्रयोग किया होगा। जो दागे जाने के बाद फटा नहीं होगा। इस बारे में गुरसाई थाना प्रभारी फारूक खतीब ने बताया कि सुबह रॉकेट शेल की सूचना मिली, जिसके जांच के बाद विस्फोट कर इसे नष्ट कर दिया गया। यह शेल उसी नाड़ खास क्षेत्र में पड़ा था जहां गत वर्ष कई दिन तक आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन चलाया गया था। गौरतलब है कि इससे पहले भी दो बार इस क्षेत्र में इसी प्रकार मोर्टार मिल चुके हैं।