पुंछ। मेंढर में नियंत्रण रेखा स्थित बालाकोट सेक्टर में सोमवार को बारूदी सुरंग में विस्फोट से सीमा सुरक्षा बल का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद एयर लिफ्ट कर सेना के कमान अस्पताल उधमपुर भेजा गया। जवान की पहचान 146वीं वाहिनी के सिपाही अजीश के रूप में हुई है। जवान को हाथ, चेहरे और सीने पर घाव आए हैं।
जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर को बालाकोट सेक्टर में भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा पर स्थित अग्रिम चौकी डोगरा टेकरी पर तैनात सिपाही अजीश ड्यूटी के दौरान बारूदी सुरंग की चपेट में आ गया। बारूदी सुरंग फटने से जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। धमाके की आवाज सुन कर क्षेत्र में तैनात सीमा सुरक्षा बल के जवान और अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे। घायल जवान को शिविर में लाकर प्राथमिक उपचार प्रदान करने के बाद हेलिकॉप्टर से उधमपुर भेज दिया गया।