पुंछ में सेना की तरफ से नियंत्रण रेखा के युवाओं को प्रशिक्षण हेतू रवाना करने के लिए आयोजित समारोह
- फोटो : POONCH
पुंछ। सेना की कृष्णा घाटी ब्रिगेड ने नई पहल करते हुए नियंत्रण रेखा से सटे क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से 30 युवाओं को खाद्य प्रबंध प्रशिक्षण के लिए फूड क्राफ्ट केंद्र भेजा है। जहां वह तीन माह का प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद एक-एक माह के लिए जम्मू के पांच सितारा होेटलों में इनटर्नशिप करेंगे।
प्रशिक्षण के दौरान इन युवाओं को दो हजार रुपये महीना भी प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद इन युवाओं को योग्यता अनुसार देश भर के बड़े होटलों में रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे। युवाओं को रवाना प्रशिक्षण पर रवाना करने पहले सेना की सरला बटालियन की तरफ से गांव गुलपुर में सोमवार एक समारोह का आयोजन किया गया। इसमें युवाओं के साथ ही बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने मौजूद रहे। समारोह की अध्यक्षता कमांडिंग अधिकारी ने की, जबकि पद्मश्री से सम्मानित सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य शंभुनाथ खजूरिया मुख्य अतिथि रहे। सेना की तरफ से युवाओं को प्रशिक्षण के दौरान उपयोग हेतु जरूरी वस्तुएं फर्स्टएड किट, मैट्स, स्लिपिंग बैग और रास्ते हेतु आहार आदि प्रदान किया। सेना की पहल का स्वागत करते हुए ग्रामीणों मोहम्मद शरीफ, चौधरी मोहम्मद फजल, असद नोमानी ने सेना का आभार प्रकट करते हुए कहा कि नियंत्रण रेखा से सटे क्षेत्रों के युवा कई दशक से पाकिस्तानी गोलाबारी और आतंकवाद से प्रभावित रहे हैं। इसके कारण उनकी पढ़ाई एवं रोजगार प्राप्त करने पर भी असर पड़ा है। ऐसे में सेना की तरफ से किया जा रहा यह प्रयास सराहनीय है।