पुंछ। शींदरा टॉप क्षेत्र में सुरक्षा बलों को तलाशी अभियान के दौरान विस्फोटकों से भरा बैग मिला। जांच में विस्फोटकों की पुष्टि होने के बाद सेना व पुलिस के बम निरोधक दस्ते ने बैग को विस्फोट से उड़ाकर विस्फोटक नष्ट कर दिए। वहीं, पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान को तेज किया गया है। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार समय रहते विस्फोटक बरामद होने से आतंकी वारदात के मंसूबे नाकाम किए हैं।
सूत्रों के अनुसार शनिवार शाम को पुंछ पुलिस और सेना की गोरखा रेजिमेंट की तरफ से शींदरा टाप क्षेत्र में तलाशी अभियान के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में बैग मिला। सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी के बाद पुलिस और गोरखा रेजिमेंट के बम निरोधक दस्ते को सूचना देकर घटना स्थल पर बुलाया। इसके बाद बम निरोधक ने विस्फोट कर बैग में रखे विस्फोटकों को नष्ट कर दिया।
इस घटना के बाद सुरक्षा बलों ने शींदरा में बैग कहां से आया और कौन इसको लाया, इसकी जांच शुरू कर दी। गौरतलब है कि आतंकवाद के दौर में उक्त क्षेत्र आतंकियों का गढ़ हुआ करता था। ऐसे में वहां एक बार फिर इस प्रकार का विस्फोटक से भरा बैग मिलना चिंता का विषय है।