पुंछ। मेंढर में सेना की रोमियो फोर्स ने दूर दराज के गांव गुलुता में रविवार को चिकित्सा शिविर लगाया। इसमें गुलुता, केरी, अढ़ी हरनी आदि क्षेत्रों के सैकड़ों लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराई। शिविर में सेना के डॉक्टरों ने उन्हें स्वस्थ रहने के लिए पौष्टिक आहार लेने और सचेत रहने की सलाह दी। शिविर में बताया गया कि छोटी सी बीमारी को भी गंभीरता से लें और चिकित्सक से उसका पूरा इलाज कराएं।
शिविर का उद्घाटन एक बुजुर्ग से फीता कटवा कर किया गया। शिविर में विभिन्न रोगों से पीड़ित सैंकड़ों बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों के स्वास्थ्य की जांच करने के साथ ही उन्हें मुफ्त दवाइयां प्रदान की गईं। लोगों को सुरक्षा उपायों के बारे में जानकारी देते हुए मास्क, सामाजिक दूरी और बार-बार हाथ धोने के बारे में जागरूक किया। शिविर में बड़ी संख्या में पंच और सरपंच और सैन्य अधिकारी उपस्थित रहे।