पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के गांव में बिजली एंव सडक सुविधा का उदघाटन करते अधिकारी
- फोटो : POONCH
पुंछ। सेना की बींबरगली ब्रिगेड ने जिले के बींबरगली सेक्टर में शून्य रेखा पर बसे गांव दटोत और तरकुंडी जैसे दूरदराज गांव के लोगों को ऑपरेशन सद्भावना में बिजली एवं सड़क की सुविधा दी है।
बींबरगली ब्रिगेड के कमांडर ब्रिगेडियर विकास सलाथिया, जिला विकास आयुक्त इंद्र जीत और एसएसपी डॉ. विनोद कुमार ने रविवार को इसका लोकार्पण किया। इसके साथ ही जिन गांव में हर समय पाकिस्तान के गोले और गोलियां बरसती थीं, वह गांव बिजली से रोशन हो गए हैं, और गांव तक सड़क भी मिल गई है। इससे क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई।
इस अवसर पर सेना की ओर से गांव के लोगों को पीने का साफ पानी उपलब्ध कराने के लिए पांच-पांच सौ लीटर की टंकियां भी प्रदान की गई हैं। ग्रामीणों ने कहा कि सेना लोगों के हर गम एवं खुशी की सच्ची साथी है। सेना ने बहुत बड़ा उपकार किया है जो सात दशकों के बाद लोगों के घरों को बिजली से रोशन किया है। इससे बच्चे रात के समय भी पढ़ाई कर सकेंगे। सड़क मिलने से लोग आपातकाल में किसी मरीज को गांव से बाहर उपचार के लिए पहुंचा सकेंगे।
गांव वालों का कहना है कि सेना नियंत्रण रेखा पर बसने वाले लोगों के विकास के लिए हर प्रकार का कार्य कर रही है। परंतु, पड़ोसी मुल्क हमेशा इसमें अडंगा डालता रहा है। गांव की इस सड़क के निर्माण को भी पाकिस्तानी सेना ने गोलाबारी से कई बार रोकने का प्रयास किया। लेकिन, भारतीय सेना ने सड़क एवं बिजली उपलब्ध कराकर ही दम लिया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने सैन्य, पुलिस एवं प्रशासनिक मुखियाओं को क्षेत्र की कई समस्याओं से अवगत कराते हुए, उनके हल की भी मांग की। इस पर अधिकारियों ने लोगों की समस्याओं को दूर करने का वादा किया।
पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के गांव में बिजली एंव सडक सुविधा का उदघाटन करते अधिकारी- फोटो : POONCH