पुंछ। गणतंत्र दिवस को लेकर नियंत्रण रेखा पर भी सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए जा रहे हैं। ताकि क्षेत्र की जनता लोकतंत्र के इस पर्व को बेखौफ होकर खुशी से मना सके। सुरक्षा बलों की तरफ से इन दिनों नियंत्रण रेखा से सटे क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए जहां गश्त बढ़ाई गई है।
आतंकियों की घुसपैठ के संदिग्ध क्षेत्रों में सेना, सीमा सुरक्षा बल, पुलिस और एसओजी की तरफ से तलाशी अभियान चलाने के साथ ही विशेष नाके भी लगाए जा रहे हैं। इसके साथ ही जिले की तरफ आने वाले पुंछ-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी बींबर गली के साथ-साथ अन्य स्थानों पर नाके लगा कर आने जाने वाले वाहनों और उनमें सवार लोगों की जांच करने के बाद ही उन्हें आगे बढ़ने दिया जा रहा है। उधर एसएसपी रोहित बकसोत्रा का कहना है कि जब भी देश का कोई बड़ा पर्व होता है तो कुछ देश विरोधी शक्तियां किसी न किसी तरह की नापाक हरकत को अंजाम देने की फिराक में रहती हैं। ऐसे में पुलिस एवं अन्य सुरक्षा बलों की तरफ से उनकी नापाक हरकतों को नाकाम बनाने के लिए भी कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। इसके अंतर्गत तलाशी अभियान, गश्त, विशेष नाके लगाने के साथ ही अन्य सभी प्रकार के उपाय किए गए हैं।