पुंछ। नियंत्रण रेखा पर तैनात सेना की गोरखा रेजिमैंट की तरफ से रविवार को क्षेत्र के लोगों के मनोरंजन के लिए गांव गुलपुर स्थित सैन्य मैदान में एक शाम आवाम के नाम का आयोजन किया गया। इसमें गुलपुर सहित नियंत्रण रेखा से कई गांव के हजारों ग्रामीणों ने भाग लिया।
इस अवसर पर जहां सेना और आवाम ने सर्वप्रथम सीडीएस बिपिन रावत के चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए उनके साथ हेलिकॉप्टर हादसे में शहीद होने वालों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद सेना की तरफ से ग्रामीणों के बीच ग्रामीण खेलों का पंचायत स्तर पर आयोजन कराया। इसमें भार उठाने, कलाई पकड़ने, रस्साकशी जैसे खेल मुकाबलों का आयोजन कराया गया। इनके समापन पर देर शाम रंगारंग कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। इसमें लोक कलाकारों ने लोकगीत और लोकनृत्यों का प्रदर्शन कर अवाम का खूब मनोरंजन किया। इस पर प्रसन्नता प्रकट करते हुए क्षेत्र निवासियों का कहना था कि देश की आजादी 1947 के बाद पहली बार सेना की तरफ से क्षेत्र में इस प्रकार इतने बड़े स्तर पर खेल एवं मनोरंजन के कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।