पुंछ में महिलाएं दरूबडी के व्रत पर पति एंव पुत्रों की लम्बी आयू के लिए पूजन करती हूई
- फोटो : POONCH
पुंछ। महिलाओं ने मंगलवार को पति एवं पुत्रों की लंबी आयु के लिए दरूबड़ी का व्रत रखा। शाम के समय मीठी रोटी, फल, मक्की और खीरे के साथ पानी के पास पूजन करने के बाद व्रत खोला।
मंगलवार सुबह से ही जिले के साथ पुंछ नगर में भी हर तरफ दरूबड़ी के व्रत की धूम दिखाई देने लगी। दोपहर के समय नगर के करीब हर घर में व्रत रखने वाली महिलाएं दरूबड़ी पूजन के लिए मीठी रोटी बना रखी थी, जिनके तले जाने से हर तरफ सुगंध उठ रही थी। रोटी बनाने के बाद महिलाएं पूजन के लिए घर अथवा पड़ोस के घरों में पहुंचीं। जहां वह चार पांच के समूह में पानी की बाल्टी के पास व्रत का पूजन करते हुए पति एवं पुत्रों की लंबी आयु की कामना कर रही थीं। व्रत पूजन करने वाली महिलाओं नीतू शर्मा, सोनिका शर्मा, कमला देवी, साक्षी शर्मा, उपासना शर्मा, महिमा शर्मा, प्रियंका आदि ने कहा कि पुंछ परिवारों की महिलाओं द्वारा हर वर्ष राधा अष्टमी के दिन दरूबड़ी का व्रत मनाया जाता है, जिसमें महिलाएं दिन भर निर्जला व्रत रखती हैं, शाम को मीठी रोटी, फलों, मक्की, अखरोट आदि से पानी के पास पूजन करने के उपरांत व्रत खोलती हैं। इन महिलाओं का कहना है कि बदलते वक्त ने जहां सब कुछ बदल दिया है वहीं हमारे इस दरूबड़ी के व्रत के पूजन को भी बदल दिया है। जहां तीन दशक पहले तक महिलाएं दर्जनों की संख्या में दरूबड़ी के व्रत के पूजन के लिए कुओं या बावड़ियों पर जमा होती, लेकिन अब हम लोग अपने घरों में जहां तीन चार महिलाएं हों पानी की बाल्टी के पास पूजन करती हैं जिन घरों में एक या दो महिलाएं होती हैं वो अपने पड़ोस के घर की महिलाओं के साथ पूजन करती हैं।