पुंछ में अपने घर में भाईयों को राखी बांधती बहने
- फोटो : POONCH
पुंछ। रविवार को देश के अन्य भागों की ही तरह पुंछ जिले में भी रक्षाबंधन का त्योहार बड़े ही धूम धाम से मनाया गया। इस अवसर पर हर आयु वर्ग की बहनों ने अपने भाइयों की कलाइयों पर राखियां बांध कर उनकी लंबी आयु की प्रार्थना की। जबकि भाइयों न भी बहनों को उपहार और उनकी रक्षा का आश्वासन दिया।
रविवार सुबह सबेरे से ही जिले भर में हर तरफ रक्षाबंधन की धूम नजर आने लगी थी। बाजारों में मिठाइयों की दुकानें सजाई जाने लगी थी। जहां पर जलेबियां बन रही थीं। उजाला होने के साथ ही मिठाइयों की दुकानों पर महिलाओं की भीड़ जुटने लगी थी। इस बीच नगर में हर तरफ महिलाएं, युवतियां एवं बच्चियां सज धज कर हाथों में पूजा के थाल सजाए भाइयों को राखियां बांधने की तैयारियां कर रही थी। इस बार रक्षाबंधन का शुभ मुहूर्त पूरा दिन होने के कारण बहनें काफी खुश नजर आ रही थीं। क्योंकि उन्हें इस बार राखी बांधने में किसी प्रकार की जल्दबाजी का सामना नहीं करना पड़ रहा था। उधर दिन के आगे बड़ने के साथ ही हर तरफ पुरुषों के हाथों पर राखियां सजी हुई नजर आ रही थी। कोरोना के चलते रक्षाबंधन के त्योहार के दौरान सभी लोगों द्वारा बचाव के सभी प्रकार के उपायों को भी अपनाया जा रहा था।