पुंछ। मंडी तहसील के गांव बेदार में रविवार सुबह एक तेंदुए के हमले में एक बालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। परिजनों ने ग्रामीणों के सहयोग से उसे उपजिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बच्चे की पहचान मोहम्मद हिसाक (14) पुत्र वली मोहम्मद निवासी गांव बेदार के रूप में हुई है।
चिकित्सक अब्दुल क्यूम ने बताया कि सुबह साढ़े आठ बजे एक बालक को लाया गया था। उस पर तेंदुए ने हमला कर घायल कर दिया था। उसके सिर, बाजू, टांगों और हाथों पर घाव होने के कारण जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। गांव बेदार के सरपंच मोहम्मद रफीक मदनी ने बताया कि सुबह करीब आठ बजे हमारे घर के करीब रहने वाले वली मोहम्मद का पुत्र मोहम्मद हिसाक पशुओं को चराने के लिए जैसे ही घर से कुछ दूरी पर पहुंचा तो एक तेंदुए ने हमला कर दिया। जब उस पर तेंदुए ने हमला किया तो कुछ दूरी पर घर के बाहर मौजूद दो बच्चों ने उसे देख कर शोर मचाया। जैसे ही हम लोग पहुंचे तो तेंदुआ भाग निकला और बच्चे को अस्पताल पहुंचाया है।
इस घटना को लेकर गांव के सरपंच सहित सभी लोगों में वाइल्ड लाइफ विभाग के खिलाफ भारी रोष व्याप्त है। इनका कहना है कि जिले विशेष कर मंडी तहसील में जंगली जानवरों का रिहायशी इलाकों में आना आम बात हो गई है। ग्रामीणों पर जंगली जानवरों के हमलों के मामलों में भारी बढ़ोतरी होने के बावजूद विभाग मूकदर्शक बना है। कहीं पर भी उनकी कार्रवाई नहीं की जाती है। न ही जानवरों के हमले में घायल होने वालों को आर्थिक सहायता ही दी जाती है।