पुंछ। गांव दरादुलियां में गोलीबारी कर भतीजे की हत्या के आरोपी चाचा पूर्व सैनिक जोगिंदर सिंह को रविवार को पुलिस ने प्रथम श्रेणी मजिस्ट्रट की अदालत में पेश किया। यहां से हत्यारोपी को एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
गौरतलब है कि गांव दरादुलियां निवासी सगे भाईयों कुलबीर सिंह और जोगिंदर सिंह के बीच काफी समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। शुक्रवार देर रात कुलबीर सिंह का पुत्र गगनदीप सिंह और उसका भाई गुरमेल सिंह चाचा जोगिंदर सिंह के घर गए थे। जहां गगनदीप सिंह और उसके चाचा के बीच विवाद हो गया। जोगिंदर सिंह ने घर के अंदर से खिड़की से बंदूक से गोलीबारी कर दी। इससे खिड़की के बाहर मौजूद गगनदीप सिंह की छाती में गोली लगी थी, जिससे वह वहीं ढेर हो गया था। पुलिस ने जोगिंदर सिंह को हिरासत में लेकर हत्या का मामला दर्ज कर लिया था।