पुंछ में बन रहे टेबल टैनिस हाल के निर्माण कार्य को देखते टेबल टैनिस एसोसिएशन पदाधिकारी
- फोटो : POONCH
पुंछ। नगर स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में इन दिनों टेबल टेनिस हॉल के निर्माण का काम बड़े जोरों से जारी है। अगर सब कुछ सही रहा तो कुछ माह बाद इस हॉल का निर्माण पूरा होने पर यहां खिलाड़ी न सिर्फ नियमित अभ्यास कर पाएंगे, बल्कि टेबल टेनिस के मुकाबले आयोजित करने के लिए उन्हें किसी दूसरे हॉल में व्यवस्थाएं नहीं करनी पड़ेंगी।
टेबल टेनिस खेल के लिए पुंछ में अलग से हॉल निर्माण का कार्य होने से खिलाड़ियों में भारी खुशी है। उनका कहना है कि इस हॉल के लिए हम केंद्र सरकार और उपराज्यपाल प्रशासन के आभारी हैं, जिन्होंने इस हॉल का निर्माण कार्य कराने की पहल की है।
खिलाड़ियों का कहना है कि हमें उस दिन का इंतजार है, जब हम इस हॉल में अभ्यास कर पाएंगे। पुंछ टेबल टेनिस एसोसिएशन के संस्थापक एवं सचिव इंजीनियर मोहम्मद सलीम बांडे का कहना है कि 31 वर्षों से पुंछ में टेबल टेनिस हॉल निर्माण की मांग करने के बाद अब केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद केंद्र सरकार की तरफ से इस हॉल के निर्माण के लिए केंद्र सरकार की तरफ से पैसा मंजूर किया गया है। हमें इस बात की खुशी है कि केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद पुंछ में खेल सुविधाओं में विस्तार हो रहा है।
बांडे का कहना है कि 31 वर्षों से हमारे खिलाड़ी किराए के छोटे-छोटे कमरों में अभ्यास करके प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर के मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन कर पदक प्राप्त करते रहे हैं। हमने पूर्व में हर सरकार से टेबल टेनिस के लिए हॉल निर्माण कराने की मांग की, परंतु कुछ नहीं बना। अब केंद्र सरकार एवं उपराज्यपाल प्रशासन के प्रयास से हमारी 31 वर्ष पुरानी मांग को पूरा किया जा रहा है।