पुंछ। मेंढर में नियंत्रण रेखा पर स्थित मनकोट तहसील में बुधवार दोपहर बारूदी सुरंग में विस्फोट होने से एक घोड़ा गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि मालिक इस विस्फोट में बाल-बाल बच बचा गया। उसे कोई चोट नहीं आई। सुरंग में विस्फोट के उपरांत घोड़ा मालिक के घायल होने की खबर निकली थी।
बुधवार दोपहर करीब 12.10 बजे मनकोट तहसील के नियंत्रण रेखा पर फेंसिंग के करीब बसे गांव छजला निवासी लियाकत हुसैन पुत्र मोहम्मद दीन के पशु जिनमें एक घोड़ा भी शामिल था, घास चर रह थे। इस दौरान घोड़ा नियंत्रण रेखा के आगे की तरफ चला गया। जैसे ही लियाकत उसे वापस लाने गया, तभी क्षेत्र में दबी एक बारूदी सुरंग में विस्फोट हो गया, जिससे क्षेत्र में मौजूद लोगों को लगा कि लियाकत विस्फोट में घायल हो गया। विस्फोट के बाद धूल छंटने पर जब कुछ लोग मौके पर पहुंचे तो लियाकत को सही सलामत पाया। इसके बाद लोगों ने घायल घोड़े को वहां से निकाल कर सुरक्षित स्थान पर लाया और उसकी मरहम पट्टी की, परंतु घोड़े की हालत नाजुक बनी हुई है।