पुंछ के मेंढर में छात्राओं को करिअर चुनने के लिए जागरूक करतीं सेना की अधिकारी।
- फोटो : NOIDA
पुंछ। ऐस ऑफ स्पेड्स के तत्वावधान में शुक्रवार को मेंढर गनर्स ने कस्बे में स्थित मुकद्दस अकादमी के विद्यार्थियों के लिए इंटरैक्टिव करियर काउंसिलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें कक्षा 11 और 12 के करीब 150 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मेंढर गनर के अधिकारियों ने की। जबकि आर्म्ड पुलिस के अशोक चक्र प्राप्त शहीद एसआई बाबू राम की पत्नी रीना देवी मुख्य अतिथि रहीं।
कार्यक्रम के दौरान सैन्य अधिकारियों ने छात्रों को जानकारी दी कि वह किन-किन प्रवेश योजनाओं के माध्यम से सशस्त्र बल में शामिल हो सकते हैं। वे रोजगार के साथ ही देश की सेवा भी कर सकते हैं। मेंढर में तैनात युवा महिला सैन्य अधिकारियों ने द्वारा सशस्त्र बल के बारे में स्वयं के अनुभव साझा करते हुए बताया कि किसी प्रकार उन्हें सशस्त्र बलों में काम करने से देश सेवा के साथ मानसिक संतुष्टि हो रही है। महिला अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को अपनी पसंद का करियर चुनने के लिए भी प्रेरित किया।
उन्होंने मेडिकल, नॉन-मेडिकल और कॉमर्स स्ट्रीम को शामिल करने के लिए 12वीं कक्षा के बाद विभिन्न करियर विकल्पों के बारे में आवश्यक जानकारी साझा की। सशस्त्र बल में शामिल होने के लिए विभिन्न विकल्पों को शामिल किया गया। विशेष रूप से छात्राओं से संबंधित विकल्प पेश किए गए। मेंढर गनर की तरफ से आयोजित इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए छात्राओं ने कहा कि युवा महिला सैन्य अधिकारियों के विचार सुनने एंव उनके साथ सीधे तौर पर बातचीत करने पर हमारा मनोबल बढ़ा है। हमें प्रेरणा मिली है कि हम भी सेना में अधिकारी बन सकती है।