पुंछ। सुरनकोट पुलिस ने मंगलवार को देर शाम राजोरी-पुंछ की तरफ से मुगलरोड से तस्करी कर पशुओं को कश्मीर ले जाने की एक बड़ी कोशिश को नाकाम बनाते हुए 65 पशुओं को मुक्त कराया। इस दौरान एक टाटा मोबाइल वाहन को जब्त कर थाने पहुंचाया है। आठ तस्करों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार एसएसपी रोहित कसकोत्रा के निर्देश पर पशु तस्करी पर लगाम लगाने के उद्देश्य से एसडीपीओ सुरनकोट तनवीर जीलानी, एसएचओ इंस्पेक्टर नियाज अहमद और बैहरामगल्ला पुलिस चौकी प्रभारी एसआई सुशांत सिंह की अगुवाई में देर शाम पुलिस की तरफ से मुगलरोड पर बैहरामगल्ला क्षेत्र में नाका लगाया। इस दौरान पुलिस ने कश्मीर की तरफ से जाने का प्रयास कर रहे टाटा मोबाइल वाहन नंबर जेके 12 सी 0655 को रोका। उसमें लदे कुछ पशुओं को देखकर उनके बारे जांच की तो वाहन में सवार तस्कर के पास अनुमति नहीं होने पर उसे दबोच लिया। इस बीच बड़ी संख्या में पशुओं को लेकर जा रहे सात अन्य तस्करों को दबोचा, जिसके साथ पुलिस ने 65 पशुओं को मुक्त कराते हुए आठ तस्करों को दबोचा।