पुंछ। कृषि विभाग की तरफ से जिले के 50 किसानों को आधुनिक तकनीक और कृषि में प्रयोग होने वाले नए औजारों के बारे में जानने एवं प्रशिक्षण के लिए सोमवार को जम्मू के लिए रवाना किया गया। किसानों के दल को उपायुक्त ने रवाना किया। किसान जम्मू में स्कास्ट में चल रहे कृषि मेले में शामिल होंगे और कृषि की नई तकनीक की जानकारी लेंगे।
सोमवार सुबह कृषि विभाग के मुख्यालय में विदाई कार्यक्रम किया गया। इसमें जिले भर के 50 किसानों, कृषि विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं गण्यमान्य नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कृषि अधिकारी राजेश शर्मा ने की, जबकि उपायुक्त इंद्रजीत मुख्य अतिथि रहे। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि किसानों की आय दोगुनी करने के प्रधानमंत्री के आह्वान को आगे बढ़ाते हुए कई प्रकार की विकास योजनाएं एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। उसी कड़ी में स्कास्ट में पांच दिवसीय कृषि मेले एवं प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया है।