पुंछ के मेंढर में हिजाब के पक्ष में प्रदर्शन करतीं छात्राएं।
- फोटो : NOIDA
पुंछ। देश भर में चल रहे हिजाब विवाद के बीच मेंढर के डिग्री कॉलेज की छात्राओं ने शुक्रवार को शिक्षण संस्थानों में हिजाब पहनने के लिए पक्ष में प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्नाटक की मुस्लिम छात्राओं के साथ सहानुभूति प्रकट की।
प्रदर्शनकारी छात्राओं ने कहा कि हिजाब हमारा धार्मिक हक है। उसे हमसे कोई छीन नहीं सकता है। हमें देश के संविधान में भी इस बात का हक दिया गया है कि हम अपनी धार्मिक पोशाक को पहनें, हम अपने धार्मिक मूल्यों को अपनाएं। छात्राओं ने कर्नाटक में हिजाब को लेकर हो रहे विवाद को समाप्त करने और वहां की छात्राओं को हिजाब के साथ शिक्षण संस्थानों में शिक्षा ग्रहण करने की अनुमति देने की मांग करते हुए कहा कि अगर हिजाब पर प्रतिबंध लगाने का प्रयास किया गया तो इसके परिणाम गंभीर होंगे। हम हिजाब की रक्षा के लिए सड़कों पर उतर आएंगी। हिजाब के हक में प्रदर्शन करने वाली छात्राओं ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि क्या यही है सरकार का बेटी-पढ़ाओ बेटी बचाओ का नारा, जो बेटियां पढ़ाना चाहती हैं। उन्हें केवल इसलिए पढ़ने से रोका जा रहा है कि वह हिजाब पहन कर अपनी पढ़ाई करना चाहती हैं।