पुंछ। सुरनकोट नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों ने लंबित मांगों को सभी अस्थायी कर्मचारियों को स्थायी करने, सफाई कर्मचारियों के सभी 17 रिक्त पदों पर 12 अस्थायी को स्थायी करने एवं अन्य मांग को लेकर बुधवार को नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने धमकी दी कि अगर दो दिन में उनकी मांगों को पूरा न किया गया तो वह दो जनवरी के बाद काम छोड़ो हड़ताल पर चले जाएंगे।
बुधवार दोपहर को सुरनकोट में नगर पालिका में अस्थायी काम कर रहे सफाई कर्मचारी ने सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान मारूफ हुसैन की अगुवाई में मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। मारूफ हुसैन का कहना है कि हम सभी 13 वर्ष से अस्थायी कर्मचारी के तौर पर काम कर रहे हैं। हम 12 लोग नगर की 17 वार्डाें में सफाई के काम को अंजाम देते आ रहे हैं। हमें आज तक स्थायी तक नहीं किया गया है। न ही हमारा वेतन बढ़ाया गया है। हमें केवल 67 सौ रुपये प्रतिमाह दिया जाता है। जो हमारे काम के हिसाब से बहुत कम हैं। सफाई कर्मचारियों के 17 पद 13 वर्ष से रिक्त हैं। हमारी उपराज्यपाल से मांग है कि सफाई कर्मचारियों के 17 रिक्त पदों पर हम 12 लोगों को तत्काल स्थायी किया जाए और अन्य पदों पर भी नए सफाई कर्मचारी नियुक्त किए जाएं। ताकि सुरनकोट की सफाई अच्छी तरह हो सके।