पुंछ। उपायुक्त इंद्रजीत ने बुधवार को नगर स्थित गुज्जर बक्करवाल छात्रावास का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने छात्रावास में कराए गए मरमत कार्यों का निरीक्षण किया। वहीं उन्होंने छात्रावास के डाइनिंग हाल के लिए फर्नीचर, गद्दे एवं अन्य सामान प्रदान किया।
उपायुक्त ने छात्रावास में रहने वाले गुज्जर बक्करवाल समुदाय के छात्रों को मन लगा कर पढ़ाई करने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रशासन एवं सरकार द्वारा आपके इस छात्रावास का मरम्मत का काम कराने के लिए ही आपके लिए सभी प्रकार की सुविधाओं का विस्तार करने के साथ ही नया सामान उपलब्ध कराया है, ताकि आपको किसी प्रकार की कठिनाई न आए। अब आप लोग अच्छे से पढ़ाई करते हुए किसी उच्च स्थान पर पहुंच कर अपने परिवार एवं पुंछ का नाम रोशन करें।
इस अवसर पर हॉस्टल वार्डन के कार्यों की प्रशंसा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि वह काफी अच्छी तरह से संचालन कर रहे हैं। दो वर्ष से जारी कोरोना के उपरांत अब हालात सामान्य होने के बाद शिक्षा संस्थानों एवं छात्रावासों को फिर से पहले की तरह संचालित करने के अभियान के अंतर्गत प्रशासन की तरफ से नगर स्थित गुज्जर बक्करवाल छात्रावास की मरम्मत कराने के कार्य को अंजाम दिया गया है, जिसके साथ ही प्रशासन की तरफ से छात्रावास में रहने वालों के लिए सुविधाओं का विस्तार करते हुए करीब-करीब हर तरह का नया सामान प्रदान किया गया है। वहीं छात्रावास के छात्रों ने प्रशासन का आभार प्रकट करते हुए कहा कि नया सामान मिलने से वह काफी खुश हैं।