पुंछ। जिले की मंडी तहसील के भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा से सटे सावजियां क्षेत्र में शनिवार शाम करीब तीन बजे एक टाटा सूमो गाड़ी चालक के नियंत्रण से बाहर हो कर करीब सौ मीटर नाले में जा गिरी। इस हादसे में कार में सवार एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
शनिवार शाम करीब तीन बजे मंडी तहसील के सावजियां सेक्टर के गली मैदान से सावजियां की तरफ आ रही एक टाटा सूमो नंबर जेके 14 3699, जिसमें सात यात्रियों के स्थान पार 11 यात्री सवार थे। सूमो बुरारी नाला पर बने पुल को पार कर जब सावजियां की तरफ मुड़ी तो चालक के निंयत्रण से बाहर होकर करीब सौ मीटर नीचे नाले में जा गिरी। गाड़ी के गिरते हुए ही उसमें सवार लोगों की चीख पुकारें उठने लगी, जिसे सुनकर बुरारी नाला पुल के पास मौजूद सैन्य शिविर से सेना के जवान और ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य को अंजाम दिया।
सेना के जवानों एवं ग्रामीणों ने उन्हें वाहन से निकाल कर सड़क पर पहुंचाया और वहां से उपजिला अस्पताल मंडी पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद छह घायलों को राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल पुंछ भेजा गया। जहां जख्मों का ताव न सहते हुए एक छह वर्षीय बच्ची सहित तीन अन्य घायलों ने दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल दो लोगों को जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया।
मृतकों की पहचान मोहम्मद सदाकत (53) पुत्र अली बहादुर निवासी गगड़ियां, पुंछ में उपचार के दौरान मरने वालों में अब्दुल अहद (61) पुत्र अहमद लोन निवासी सावजियां, मुनीरा बेगम (32) पत्नी गुलाम रसूल निवासी सावजियां और शबाना (10) पुत्री मेहराज दीन निवासी सावजियां के रूप में हुई है। घायलों की पहचान मोहम्मद इब्राहिम (34) पुत्र गुलाम रसूल, गुलाम रसूल (32) पुत्र मोहम्मद मजीद, जिशान अहमद (27) पुत्र मुमताज अहमद, साबरा बेगम (52) पत्नी अबदुल अहद, हबीबउल्ला (56) पुत्र अहमद लोन और लियाकत अली (22) पुत्र शौकत हुसैन सभी निवासी गांव गगड़ियां के रूप में हुई है।
वहीं आम लोगों में भी यातायात पुलिस एवं पुलिस के प्रति रोष व्याप्त है। इस दुर्घटना को लेकर जलील ख्वाजा का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में यात्री वाहनों में होने वाली ओवरलोडिंग की तरफ कोई ध्यान नहीं देता है, जिन वाहनों में केवल सात यात्री सवार करने की अनुमति होती है, उनमें 11 से 14 तक यात्री सवार किए जाते हैं।