पुंछ जिले के सुरनकोट में हादसे का शिकार हुई इको कार
- फोटो : POONCH
पुंछ। जिले की सुरनकोट तहसील में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई है। मृतकों की पहचान आबिद हुसैन (20) पुत्र मोहम्मद सदीक और इमरान अहमद (25) पुत्र अब्दुल कयूम दोनों निवासी गांव मड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद उन्हें परिजनों के हवाले कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह लगभग नौ बजे सुरनकोट तहसील की पहाड़ी पर स्थित गांव मड़ा से एक ईको कार (जेके 06 5429) बफलियाज की ओर जा रही थी। मड़ा कट्ठा क्षेत्र में यह गाड़ी हादसे का शिकार होकर खाई में जा गिरी, जिसमें सवार आबिद हुसैन की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, कार चालक इमरान अहमद को हादसे का पता चलते ही मौके पर पहुंचे लोगों ने गंभीर रूप से घायल अवस्था में उपजिला अस्पताल सुरनकोट पहुंचाया। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। इस हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। देर शाम को दोनों के शवों को उनके पैतृक कब्रिस्तान में सपुर्द ए खाक कर दिया गया।