रविवार को एक बार फिर पाकिस्तानी सेना ने सीज फायर का उल्लंघन कर मेंढर सेक्टर के सोनागली क्षेत्र में भारतीय सेना की दो अग्रिम चौकियों को निशाना बनाते हुए मोर्टार दागे और गोलाबारी की।
भारतीय सेना ने भी पाक सेना की करतूत का मुंहतोड़ जवाब दिया। करीब दो घंटों के बाद पाक सेना की तरफ से गोलीबारी बंद हुई। इस गोलाबारी में भारतीय क्षेत्र में किसी प्रकार का कोई नुकसान होने की सूचना नहीं है।
जिले में पाकिस्तानी सेना द्वारा बीते नौ दिनों में सीज फायर उल्लंघन की यह तीसरी घटना है।
घुसपैठ के लिए की थी गोलीबारी
सेना के उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक फायरिंग की आड़ में आठ से 10 आतंकियों के एक ग्रुप को भारतीय सीमा में घुसपैठ कराने की साजिश के तहत पाकिस्तानी सेना ने भारतीय चौकियों पर गोलाबारी की थी। हालांकि, सैन्य अधिकारियों ने घुसपैठ की आशंका से इनकार किया है।
जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात करीब 11 बजे जिले की मेंढर तहसील में नियंत्रण रेखा के उस पार तैनात पाक सेना ने की 656 मुजाहिदीन रेजिमेंट ने सीजफायर का उल्लंघन करते हुए झंडा और बरना चौकियों से भारतीय सेना की पांच मराठा लाई रेजिमेंट की अग्रिम चौकियों आवाम और आत्मा को निशाना बनाते हुए यूनिवर्सल मशीनगनों (यूएमजी) से गोलाबारी की और मोर्टार भी दागे।
पहले भी हुआ था सीजफायर का उल्लंघन
इस बीच पाक सेना की इस नापाक हरकत को देखते हुए भारतीय सेना ने जवानों ने भी तुरंत जवाबी कार्रवाई कर दी। करीब देर रात एक बजे पाक सेना की तरफ से की जाने वाली गोलाबारी थम गई।
गौरतलब है कि जिले में पाक सेना की तरफ से बीते नौ दिनों युद्धविराम का उल्लंघन किए जाने की तीसरी घटना है। 25 और 28 अप्रैल को भी पाकिस्तान सेना ने सीज फायर उल्लंघन किया था।
बांडीपोरा में हथियार बरामद
उत्तरी कश्मीर के बांडीपोरा जिले में सेना और पुलिस द्वारा चलाए गए एक संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान हथियार बरामद किए गए। सैन्य प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस को गुबरीनाला के जंगलों में हथियार रखे जाने की सूचना मिली थी।
सेना तथा पुलिस के एक दल ने घटनास्थल पर पहुंचकर चीन निर्मित 8 पिस्तौल, 8 मैग्जीन तथा 32 गोलियां बरामद की गईं हैं। सुरक्षा बलों ने आतंकी ठिकाना ध्वस्त कर दिया। हालांकि, कोई आतंकी हाथ नहीं लगा।