ठंड ने तोड़ा रिकॉर्ड, 9 साल बाद ऊना का पारा माइनस 1.8 डिग्री
हिमाचल के दो जिले मंडी और ऊना शीतलहर की चपेट में आ गए हैं। दोनों जिलों में रविवार रात को न्यूनतम पारा माइनस में रिकॉर्ड हुआ। ऊना में करीब 9 साल बाद ऊना में तापमान शून्य से भी नीचे पहुंचा है। इससे ऊना ठिठुरन बढ़ गई हैं। इस सीजन में ठंड के बीच रिकॉर्ड तोड़ते हुए न्यूनतम पारा -1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इससे पूर्व साल 2015 में -1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। रविवार को ऊना में अधिकतम 18.2 और न्यूनतम 3.5 डिग्री तापमान रहा।
जबकि प्रदेश के अन्य मैदानी जिलों कांगड़ा, बिलासपुर, हमीरपुर सहित सोलन और सिरमौर के कई क्षेत्रों में सोमवार सुबह और शाम को भी घना कोहरा छाया रहा। मंगलवार को कोहरा छाए रहने का येलो अलर्ट जारी हुआ है। प्रदेश के मध्य और उच्च पर्वतीय आठ जिलों किन्नौर, लाहौल-स्पीति, कुल्लू, चंबा, शिमला, सोलन, सिरमौर और मंडी में मंगलवार और बुधवार को बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव आने का पूर्वानुमान है। रविवार रात को कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 9.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। छह अन्य क्षेत्रों का न्यूनतम पारा भी माइनस में दर्ज हुआ।
सोमवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश पहाड़ी क्षेत्रों में धूप खिली रही। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा छाए रहने से न्यूनतम तापमान में कमी दर्ज हुई है। ऊना और मंडी के कई क्षेत्रों में इस कारण शीतलहर भी बढ़ी है। मंगलवार को भी यह सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
कोहरा छाए रहने से कई जगह विजिबिलिटी 150 से 200 मीटर तक ही है। मंगलवार को प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के आसार बन रहे हैं। इसके चलते ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और अन्य क्षेत्रों में बारिश होने का पूर्वानुमान है। जबकि 18 से 21 जनवरी तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा।