विलय दिवस के बारे में युवाओं को जागरूक करने के लिए युवा संगठन द्वारा सोमवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सदस्यों ने विलय दिवस के ऐतिहासिक तथ्यों पर रोशनी डाली।
उन्होंने युवा वर्ग से कहा कि उनको अपने राज्य के इतिहास की जानकारी होनी चाहिए जिससे कोई भी देश विरोधी ताकत युवाओं को भड़का न सके।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सुरेश कुमार शर्मा ने कहा कि महाराजा हरि सिंह और भारत सरकार के साथ 26 अक्तूबर 1947 को हुए समझौते के बाद ही राज्य देश का अभिन्न अंग बना था।
उन्होंने कहा कि उस समय पाकिस्तान की फौज ने जम्मू-कश्मीर की भूमि पर अवैध कब्जा कर पाक अधिकृत कश्मीर बनाया था। ऐसे में महाराजा हरि सिंह ने पाकिस्तान की नीयत को देखते हुए देश के साथ राज्य का विलय किया था।
इसके बाद देश की सेनाओं ने कश्मीर का रुख कर पाकिस्तान की सेना को भगा दिया था। इस जंग में कई भारतीय वीरों ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश की अखंडता को बनाए रखने में योगदान दिया। उनके बलिदान को याद करने को विलय दिवस मनाते हैं।