बारिश और बर्फबारी ने एक बार फिर से परेशानी बढ़ा दी है। कड़ाके की ठंड के बीच दूरदराज कई इलाकों में आवागमन प्रभावित होने के चलते लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बारिश से चलोग-धमान मार्ग पर कीचड़ से यातायात अवरूद्ध हो गया है। पहाड़ से कीचड़ के रूप में मलवा मधौटा के नजदीक सड़क पर आ गया, जिसके चलते वाहनों की आवाजाही को रोक दिया गया है। उधर, बनी-बसोहली मार्ग पर मंगियार में पस्सियां गिरने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है।
बिजली ढांचे पर भी मौसम की मार पड़ी है। कई जगह फाल्ट आने से बिजली की आंखमिचौली का खेल जारी है। बनी सब डिवीजन के ढग्गर समेत कई इलाकों में पिछले 48 घंटे से बिजली गुल है। मौसम साफ होने के बाद ही बिजली बहाली के काम अंजाम दिए जा सकेंगे। पिछले 48 घंटे के भीतर पारे में भी भारी उतार चढ़ाव दर्ज किया गया है। सोमवार रात से जहां बारिश जारी है। वहीं मंगलवार दोपहर एक बजे के बाद पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी भी शुरू हो गई। शाम तक हल्की बर्फबारी दर्ज की गई।
निचले इलाकों में बारिश का दौर देर रात तक रूक-रूक कर जारी रहा। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में कठुआ में 19 एमएम बारिश दर्ज की गई है। मंगलवार को कठुआ में दिन का अधिकतम तापमान 19.7 और न्यूनतम तापमान 15.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को भी बारिश का सिलसिला कई इलाकों में जारी रहने की उम्मीद है।