हीरानगर। उप जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन होने के बावजूद लोगों को इसकी सुविधा नहीं मिल रही है। जिसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। सोमवार को एक पत्रकार वार्ता के दौरान सामाजिक इंसाफ मंच के नेता बीएल कांडले ने कहा उप जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की सुविधा न होने के कारण लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। 2002 में अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित की गई थी, लेकिन रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति न होने के कारण यह मशीन शोपीस बनकर रह गई है।
आगे उन्होंने कहा ज्यादातर सीमावर्ती गांव के लोग स्वास्थ्य सुविधा के लिए इसी अस्पताल पर निर्भर हैं। लेकिन यहां अल्ट्रासाउंड की सुविधा न होने के कारण लोगों को मजबूरन कठुआ, सांबा या जम्मू जाना पड़ता है। इससे लोगों के समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती है। अगर स्वास्थ्य विभाग लोगों की तकलीफ को समझने की कोशिश करते हुए यहां रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति करे तो लोगों को बड़ी सहूलियत मिल सकती है। उन्होंने कहा कि अगर विभाग ने समस्या के समाधान के लिए गंभीरता से काम नही किया तो मंच के सदस्य तहसील कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।