जिला कठुआ के पर्यटन स्थल पुरथु में हिमाचल प्रदेश के डलहौजी से आए दो युवक नहाते वक्त रंजीत सागर झील के गहरे पानी मे डूब गए। थाना प्रभारी बसोहली जसविंदर सिंह पुलिस टीम के साथ यहां पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से रंजीत सागर झील के उस हिस्से में तलाशी अभियान चलाया।
इस अभियान में बसोहली के स्थानीय मछुआरों ने झील की गहराई में जाकर तलाश की। युवकों की पहचान साहिल (19) किशोरी वासी सदर बाजार डल्हौजी और गगन (20) पुत्र कुंज लाल निवासी सदर बाजार डलहौजी के रूप में हुई है। दोनों युवक डीएवी काॅलेज बनीखेत में प्रथम वर्ष के छात्र थे।
डलहौजी से अपने दोस्तों के साथ घूमने आए अभिषेक ने बताया कि साहिल का जन्मदिन सेलिब्रेट कर रहे थे। नहाते वक्त दोनों पानी की गहराई में बह गए। युवकों के पानी में डूबने के बाद उनके पिता का रो रोकर बुरा हाल है। परिवार के अन्य सदस्यों को इसकी सूचना दे दी गई है।
नगर कमेटी के उपाध्यक्ष अभिनव राजदान, समाजसेवी संजय राजदान, एडीसी बसोहली अजीत सिंह ने मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया। समाजसेवी संजय राजदान ने एडीसी और एसडीपीओ को सुझाव दिए कि पर्यटन स्थल पुरथु में हादसों को रोकने के लिए ऑक्सीजन सिलेंडर और लाइफ जैकेट व अन्य उपकरण उपलब्ध करवाए जाएं।
स्थानीय अंकुश ठाकुर ने बताया कि हर वर्ष पर्यटन स्थल पुरथु में पानी में डूबने से किसी ना किसी व्यक्ति की मौत हो जाती है, जो बहुत ही दुखद है और पर्यटन पर भी इसका असर पड़ता है। यह क्षेत्र पंजाब प्रशासन के अधीन है और लिहाजा पंजाब प्रशासन को भी चाहिए कि यहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं ताकि इस तरह की वारदातें पेश न आएं। करीब 7 बजे इस रेस्क्यू अभियान को विश्राम दिया गया जो अगले दिन सुबह 10 बजे फिर से शुरू होगा एसडीआरएफ की टीम रंजीत सागर झील में वोट और अन्य उपकरणों के जरिए डूबे युवकों की तलाश करेगी, खबर लिखे जाने तक रंजीत सागर झील में डूबे युवकों का पता नहीं चल पाया है।