कठुआ। पुलिस ने शहर के वार्ड 14 में जांच के दौरान 578 नशीले कैप्सूलों के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनके खिलाफ कठुआ थाना में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
कठुआ थाना की पुलिस टीम ने शहर के वार्ड 14 में हाईवे से सब्जी मंडी की ओर आने वाले मार्ग पर दो संदिग्धों को देखा। पुलिस से सामना होने के बाद दोनों ही कुछ छिपाने की कोशिश करने लगे। शक के आधार पर जब उनकी जांच की गई तो आरोपी नवजोत सिंह पुत्र गुरदीप सिंह निवासी नानक नगर, गांधी नगर जम्मू के पास से 309 नशीले कैप्सूल बरामद हुए। वहीं उसके साथी सौरव सबरवाल पुत्र जगदीश राज निवासी नानक नगर जम्मू के पास से भी 269 नशीले कैप्सूल बरामद हुए। जिसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से मिले 578 नशीले कैप्सूल को जब्त करते हुए दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।