कठुआ। जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के चुनावी प्रक्रिया को सफलता पूर्वक अंजाम देने के लिए तैनात किए गए कर्मचारियों का प्रशिक्षण दिया गया। शनिवार को शहर के महिला डिग्री कॉलेज के सभागार में चुनाव कर्मियों को मास्टर ट्रेनरों ने मतपेटी, मतपत्र के उपयोग और उसकी पारदर्शिता बनाए रखने के बारे में जानकारी दी।
आगामी 27 जून को होने वाले होने वाले चुनाव के संबंध में जिला चुनाव अधिकारी एसीआर संदीप सियोत्रा ने बताया कि जिला के 11 निर्वाचन क्षेत्रों में होने वाले इस चुनाव में चक सक्ता, लच्छीपुर और मढ़ीन में नामांकन के दौरान ही विपक्ष में किसी उम्मीदवार के सामने न आने से इन निर्वाचन क्षेत्रों से सामने आने वाले उम्मीदवार निर्विरोध रहे। वहीं नामांकन पत्रों की जांच से पूर्व जखबड निर्वाचन क्षेत्र में एक उम्मीदवार द्वारा नाम वापस लिए जाने के बाद यह सीट भी निर्विरोध रूप में नामांकन करने वाले प्रत्याशी के खाते में ही चली गई है। बाकी बचे 7 निर्वाचन क्षेत्रों में चुनावी प्रक्रिया को अंजाम दिया जाना है। जिसके लिए कुल 14 मतदान केंद्र बना दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि सभी 7 निर्वाचन क्षेत्रों में पारदर्शी चुनाव करवाने के लिए यहां तैनात होने वाले 28 मतदान अधिकारी व 14 पीठासीन अधिकारियों के प्रशिक्षण को शुरू कर दिया है। पहले चरण में उन्हें मतपेटी व मतपत्र और सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई है। अगले चरण में इन्हें पोलिंग पार्टियों में विभक्त कर और विस्तार में जानकारी दी जानी है। इसके अलावा 26 जून को भी मतदान के लिए रवाना होने से पूर्व भी आवश्यक सुझाव व जानकारी दी जाएगी। ताकि किसी प्रकार की चूक न रहे और 27 जून को मतदान के बाद नतीजे भी घोषित हो जाएंगे।