कठुआ। जिले में स्वास्थ्य विभाग की डेंगू के खिलाफ लगातार सक्रियता के बावजूद मामलों में बढ़त का सिलसिला लगातार जारी है। सोमवार को 3 और नए मामले शहर में सामने आए हैं। जिसके बाद जिलें में इस सीजन में डेंगू मरीजों का आंकड़ा अबतक 289 तक पहुंच गया है। ताजा मामले शहर के पटेल नगर और वार्ड 4 से आए हैं।
वहीं, स्वास्थ्य विभाग की मलेरिया विंग की टीमें शहर के विभिन्न वार्ड में और गोविंदसर में जागरूकता के लिए तैनात रहीं। इस दौरान विभाग ने टीमों को शहर के विभिन्न इलाकों में एंटी लारवा स्प्रे के लिए लगाया है। स्वास्थ्य विभाग की एक टीम शहर के वार्ड एक, दो टीम रामनगर, एक टीम पल्ली मोड़ में डोर टू डोर लोगों को जागरूक करने में जुटी रही। इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्र से सटे इलाकों में भी आम लोगों को डेंगू को लेकर बरते जाने एहतियात के प्रति जागरूक किया।