कठुआ। पिछले काफी समय से खराब सड़क की समस्या से जूझ रहे वार्ड 12 के लोगों की मांग का समाधान हो गया है। वीरवार को लोक निर्माण विभाग ने मुख्य सड़क पर तारकोल डाले जाने का काम शुरू कर दिया है। जिला विकास परिषद् के उपचेयरमैन रघुनंदन सिंह और नगर परिषद के प्रधान नरेश शर्मा ने सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया।
इस मौके पर नरेश शर्मा ने बताया कि उक्त सड़क का निर्माण 55 लाख की लागत से बनने वाली बेड़िया पत्तन से मग्गर खड्ड सड़क के साथ ही हुआ था। जिसमें बेड़िया पत्तन सड़क का निर्माण होने के बाद बारिश का मौसम आ गया था। जिसके कारण सड़क का निर्माण रुका हुआ था। गत दिनों स्थानीय युवाओं ने सड़क का निर्माण पूरा किए जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया तो उन्होंने स्थानीय लोगों को आश्वासन दिया था कि अब मौसम साफ हो गया है लिहाजा सड़क का निर्माण जल्द किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले एक-दो दिनों से इस सड़क का काम भी पूरा कर लिया जाएगा। जिससे इस वार्ड के लोगों के साथ-साथ 10, 11 और 13 के लोगों को भी होगा क्योंकि शहर के तीनों ही वार्डों के लोग आने-जाने के लिए इस मार्ग का इस्तेमाल करते है।