वालीबॉल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में भाग लेते खिलाड़ी। संवाद
- फोटो : KATHUA
कठुआ। कंडी क्षेत्र के बाख्ता गांव में जारी सुनील मंगू मेमोरियल वालीबॉल प्रतियोगिता में खिताबी मुकाबला बाबा सिद्ध् गोरिया स्वांखा के नाम रहा। रविवार को प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में बाबा सिद्ध् गोरिया स्वांखा की टीम ने अपने प्रतिद्वंदी दन्नी की टीम को 3-2 से मात दी।
दो दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान सुबह पहला सेमीफाइनल मुकाबला सांबा और बाबा सिद्ध् गोरिया स्वांखा के बीच खेला गया। जिसमें बाबा सिद्ध् गोरिया स्वांखा की टीम ने जीत हासिल की। जबकि दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला दन्नी और बाख्ता की टीमों के बीच खेला गया। जिसमें दन्नी की टीम ने जीत हासिल कर फाइनल में प्रवेश किया। पांच सेट वाले प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में पहला सेट दन्नी की टीम के नाम रहा। लेकिन अगले ही सेट में बाबा सिद्ध् गोरिया स्वांखा न केवल जीत हासिल की बल्कि तीसरे सेट को भी जीतकर एक सेट की बढ़त ले ली। चौथे सेट में दन्नी की टीम ने एक बार फिर जीत हासिल कर मुकाबला दो-दो से बराबर कर दिया। लेकिन पांचवे सेट में मिली जीत के बाद बाबा सिद्ध् गोरिया स्वांखा ने खिताब को 3-2 से अपने नाम कर लिया।
इस मौके पर मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित लखनपुर म्यूनिसिपल कमेटी के पूर्व प्रधान अरुण शर्मा रंजू ने विजेता टीम की 11 हजार रुपया नगद और ट्राफी देकर सम्मानित किया। वहीं उपविजेता रही टीम को 8 हजार रुपया नगद के साथ स्मृति चिन्ह देकर प्रोत्साहित किया। अपने संबोधन में उन्होंने आयोजन कमेटी के प्रयास की सराहना करते हुए प्रतियोगिता को और विस्तार देने के लिए कहा। वहीं, प्रतियोगिता के आयोजक चुन्नी लाल ने बताया कि दूसरी बार आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में कठुआ और सांबा जिला से आई कुल 16 टीमों ने हिस्सा लिया। जिसके बीच हुए रोचक मुकाबलों का स्थानीय खेल प्रेमियों ने काफी आनंद लिया है। इस मौके पर गांव की सरपंच पिंकी ललोत्रा, जम्मू कश्मीर वालीबॉल एसोसिएशन के महासचिव विजय मंगोत्रा उपस्थित रहे।