कठुआ के महात्मा गांधी अस्पताल में बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाते डीसी राहुल यादव। संवाद
- फोटो : KATHUA
कठुआ। पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार को जिले में 89.13 फीसदी नौनिहालों को पोलियो से बचाव की खुराक दी गई। अभियान की शुरूआत महात्मा गांधी अस्पताल से जिला उपायुक्त कठुआ राहुल यादव और जिला विकास परिषद के उपाध्यक्ष रघुनंदन सिंह बबलू ने की। इसके साथ ही जिले के 582 पोलियो बूथ पर भी अभियान को दिनभर चलाया गया। इसके लिए 2328 सदस्यों की टीमें नियुक्त की गईं। जिले में एक लाख 2238 नौनिहालों को पोलियो खुराक पिलाने के लिए लक्ष्य रखा गया था। ऐसे में शेष दस फीसदी के लगभग बचे हुए नौनिहालों को अगले दो दिनों में मोबाइल टीमें घर-घर जाकर पोलियोरोधी खुराक पिलाएंगी।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में कुल 91 हजार 130 नौनिहालों को पोलियो रोधी दवा रविवार को पिलाई गई है। परोल ब्लॉक में 90.75 प्रतिशत, हीरानगर में 87.50 प्रतिशत, बिलावर में 87.19 प्रतिशत, बसोहली में 91.12 प्रतिशत और बनी में 91.01 प्रतिशत बच्चों को दवा पिलाई गई है। पल्स पोलियो अभियान का आगाज करवाते हुए डीसी कठुआ राहुल यादव ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि सभी पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएं ताकि पोलिया मुक्त भारत का सपना साकार किया जा सके।