हीरानगर। गांव देबो चक में बंद पड़े स्कूल को खोलने की मांग को लेकर एक शिष्टमंडल सोमवार को एसडीएम से मिला। शिष्ट मंडल का नेतृत्व कर रहे रविंद्र सिंह ने बताया कि गांव में सरकारी स्कूल को बंद कर दिया गया है। इससे लोगों को अपने बच्चों को निजी स्कूलों में भेजना पड़ रहा है। महंगी फीस के चलते लोग परेशान हैं।
आगे उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग और प्रशासन को हम कई बार उन बच्चों की सूची दे चुके हैं जो गांव के सरकारी स्कूल में ही पढ़ना चाहते हैं। इसके बाद भी विभाग स्कूल खोलने के संबंध में कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जल्द गांव के सरकारी स्कूल को नहीं खोला गया तो स्थानीय लोग प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। इस संबंध में एसडीएम राकेश शर्मा ने तहसीलदार को निर्देश दिए कि स्कूल की जो इमारत राजस्व विभाग को सौंपी गई है, उसके बारे में एक पत्र जिला उपायुक्त को लिखें। जिला उपायुक्त को पत्र के माध्यम से अवगत कराएं कि राजस्व विभाग को स्कूल की इमारत की कोई आवश्यकता नहीं है, स्कूल को दुबारा उसी इमारत में खोला जाए। शिष्टमंडल में कुलदीप राज, नरेश कुमार, बाबूराम आदि शामिल रहे।