कठुआ। 30 जून से शुरू होने जा रही श्री अमरनाथ यात्रा को लेकर कठुआ में व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक की गई। जिला सचिवालय के सभागार में आयोजित बैठक के दौरान स्वच्छता, लंगर स्थलों पर एलपीजी सिलिंडर की आपूर्ति, दमकल की तैयारी और किसी भी घटना के मामले में यात्रियों को ठहराने के प्रबंधों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान जानकारी दी गई कि जिला प्रशासन ने किसी भी आपात स्थिति के लिए 18 सरकारी भवनों, 7 धार्मिक स्थलों और 9 अन्य निजी भवनों सहित कुल 34 चिह्नित स्थानों में 5000 यात्रियों को ठहराने की योजना तैयार की है। जिला उपायुक्त राहुल यादव ने बताया कि चिह्नित स्थलों में तैयारियों की जांच के लिए नोडल अधिकारी और मजिस्ट्रेट नियुक्त किए जाएंगे।
जिला उपायुक्त ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने पर जोर दिया और संबंधित अधिकारियों को 24 घंटे गश्त करने के अलावा लंगर स्थलों और जिले के अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी की अनिवार्य स्थापना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। सीएमओ को यात्रियों की सुविधा के लिए लंगर स्थलों पर चिकित्सा दल तैनात करने को कहा गया। एक्सईएन पीएचई, एक्सईएन पीडीडी को निर्बाध बिजली और पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए लंगर स्थलों और लॉजमेंट केंद्रों का दौरा करने के निर्देश दिए गए। नोडल अधिकारियों को जाम से बचने के लिए लंगर स्थलों पर पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इससे पूर्व डीडीसी ने यात्रियों के लिए बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराने के संबंध में सामाजिक संगठनों और नागरिक समाज के सदस्यों के सुझावों को सुना। बैठक में एडीसी अतुल गुप्ता, एएसपी कठुआ सुरेश कुमार, एसीआर संदीप सियोत्रा, एसीडी किशोर सिंह कटोच, एसीपी सोहन लाल और अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।