रामकोट। रामकोट में तेंदुए की दस्तक के कारण लोगों ने अपने घरों से बाहर निकलना बंद कर दिया है। कई दिनों से रामकोट में लगातार तेंदुआ दिखाई दे रहा है और कई आवारा कुत्तों को भी अपना शिकार बना चुका है।
सरपंच प्रदीप सिंह ने बताया कि तेंदुए ने पांच दिन पहले भेड़ों को भी मौत के घाट उतार दिया था। जिस पर विभाग की ओर से पीड़ित परिवार को मुआवजा दिया गया है। स्थानीय इंदरजीत राणा, अश्वनी कुमार, प्रदीप सिंह और अन्य लोगों ने बताया कि रामकोट में तेंदुआ पिछले कई दिनों से मोहल्ले के आसपास दिखाई दे रहा है। लोगों ने बताया दो दिन पहले देर रात को कई लोगों ने तेंदुए को मनकोट मंदिर से गुजरते देखा। जिसकी वजह से लोगों के दिलों में दहशत का माहौल है। लोगों ने बताया इस संबंध में कई बार वन विभाग को अवगत करवा चुके हैं। तेंदुए को पकड़ने के लिए रामकोट में पिंजरे लगाए जाएं, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से कोई सुनवाई नहीं है। लोगों ने वन्यजीव विभाग पर आरोप लगाते हुए कहा कि संबंधित विभाग शायद हादसे का इंतजार कर रहा है। लोगों ने बताया कि रामकोट के आसपास जंगल में तेंदुए को कई बार गुर्राते हुए भी सुना जा सकता है। लोगों ने अनुमान लगाया है कि रामकोट में करीब तीन या चार तेंदुए हैं, जो किसी न किसी को दिखाई देते हैं। लोगों ने विभाग से जल्द तेंदुए को पकड़ने की मांग की है।