कठुआ। मवेशी तस्करी के दो अलग अलग मामले को विफल बनाते हुए राजबाग पुलिस ने दो वाहनों को सीज कर नौ मवेशियों को आजाद कराया है। हालांकि, पुलिस इन दोनों ही मामलों में किसी तस्कर को गिरफ्तार नहीं कर पाई।
पुलिस जानकारी के अनुसार राजबाग पुलिस ने एक नाके के दौरान कठुआ से जम्मू की ओर जा रही महिंद्रा पिकअप (जेके 08डी- 4980) को जांच के लिए रोका। पुलिस को देखकर पिकअप चालक वाहन को नाके से पहले ही रोक कर मौके से फरार हो गया। जिसके बाद पुलिस ने वाहन से पांच मवेशियों को बरामद किया।
वहीं, एक अन्य मामले में मढ़ीन पुलिस ने चड़वाल के पास नाका लगाकर वहां से गुजर रही पिकअप को रोक लिया। लेकिन, यहां भी पिकअप चालक पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने इस वाहन से चार मवेशियों को बरामद किया है। इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है।