कठुआ। नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ शुरू किए गए अभियान के तहत कठुआ पुलिस ने चक प्रताप सिंह के पास 16 ग्राम हेरोइन के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इस मामले में पुलिस ने तस्कर द्वारा इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल जब्त कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/22 में मामला दर्ज किया है।
पुलिस जानकारी के अनुसार हटली मोड़ पुलिस चौकी प्रभारी राजिंदर खजूरिया की पुलिस टीम ने चक प्रताप सिंह के पास गश्त के दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोका। जांच के दौरान उसके पास से करीब 16 ग्राम हेरोइन जैसा नशीला पदार्थ बरामद किया गया। जिसके बाद पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थों व तस्कर द्वारा इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया। वहीं तस्करी के आरोपी जिसकी पहचान तालिब हुसैन पुत्र काला दिन निवासी कीड़िया कठुआ के रूप में हुई उसे गिरफ्तार कर लिया।