बनी में आयोजित होने वाली शार्ट रन के प्रतिभागियों को सम्मानित करती मुख्य अतिथि व अन्य, विज्ञप्ति
- फोटो : KATHUA
कठुआ। जिले के पहाड़ी उपमंडल बनी में महिला खेलों को बढ़ावा देने के लिए स्थानीय भारत स्पोर्ट्स क्लब ने रन फॉर नेशन के नाम से दौड़ का आयोजन किया। इसमें उपमंडल के विभिन्न क्षेत्रों से आई 40 प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर महिला शक्ति का प्रदर्शन किया।
बनी हायर सेकेंडरी स्कूल के मैदान में आयोजित दो सौ मीटर की इस दौड़ के लिए सभी प्रतिभागियों को पांच अलग-अलग समूहों में प्रतियोगिता में भाग लेने का मौका दिया गया। इस दूरी को सबसे कम समय में तय करने के अनुसार पहले स्थान पर शहनाज बानो, दूसरे स्थान पर सोनिका देवी, तीसरे स्थान पर आक्षी देवी, चौथे स्थान पर नुसरत बानो और पांचवें स्थान पर अनु देवी का नाम घोषित किया गया। सभी विजेताओं को इस मौके पर मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित बनी की पहली महिला के एस अधिकारी तसबीना शेख ने जूते और उत्कृष्टता पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
वहीं, बाकी प्रतिभागियों को भी सहभागिता प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया। मुख्य अतिथि ने जिले के पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाली लड़कियों के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें अपने अंदर इसी तरह प्रतियोगिता की भावना को बनाए रखना है। तब ही वह जीवन के हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना सकेंगी। उन्होंने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए क्लब का आभार जताते हुए उन्हें भविष्य में अपने इस तरह के प्रयास को जारी रखने के लिए कहा।
क्लब के प्रधान हाफिज कुरैशी ने बताया कि उपमंडल की लड़कियों के लिए पहली बार हुई प्रतियोगिता के लिए पहले सभी प्रतिभागियों के पंजीकरण किए गए थे। उन्हें प्रतियोगिता के सभी नियमों से अवगत कराने के बाद ही इसमें शामिल किया गया है। उपमंडल में पहले से भी कई खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन कर चुका चुका क्लब आगे भी इस परंपरा को जारी रखेगा। इस मौके पर एसडीपीओ शाजिया मीर, केएएस अधिकारी रंजीत कौर, थाना प्रभारी बनी शहनवाज गिरी, डॉ. रामेश्वर सिंह, आदि मौजूद रहे।