हीरानगर। कंडी क्षेत्र की सुराड़ा पंचायत के ओड में ट्यूबवेल से पानी की आपूर्ति शुरू न होने से नाराज लोगों ने जल शक्ति विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे डीडीसी सुरेश कुमार फल्ली ने कहा कि पिछले 10 वर्षों से लोग यहां बने ट्यूबवेल से पानी पीने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन ट्यूबवेल से पानी की आपूर्ति नहीं हो रही। करीब दो करोड़ की लागत से पाइप लाइन बिछाई गई है, लेकिन अभी तक लोगों को इसका कोई लाभ नहीं मिला। विभाग के अधिकारियों से भी कई बार बात की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। भाजपा के वरिष्ठ नेता यशपाल वर्मा ने विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सात दिनों के भीतर गांव के ट्यूबवेल को चालू नहीं किया गया तो वह खुद स्थानीय लोगों के साथ उपराज्यपाल से मिलकर विभाग के अधिकारियों की शिकायत करेंगे। प्रदर्शन में सरपंच जसवीर सिंह शामिल रहे।