महानपुर। सांसद खेल स्पर्धा के अंतर्गत ब्लॉक स्तर खेल में कबड्डी और वॉलीबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें 15 पंचायतों के 21 टीमों के युवा खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस मौके पर मुख्य अतिथि बीडीसी चेयरमैन राज सिंह और सरपंच सोहन लाल गुप्ता उपस्थित रहे। वॉलीबाल में पलेल पंचायत और कबड्डी में नौशेरा की जीत हुई।
आयोजित ब्लॉक स्तर की खेल में 17 वर्ष आयु वर्ग के वॉलीबाल फाइनल मुकाबला पलेल पंचायत और पंचायत सवार के बीच खेला गया। बेहतर प्रदर्शन करते हुए पलेल पंचायत के युवाओं ने यह मुकाबला अपने नाम किया। इसी तरह दूसरा फाइनल कबड्डी का मुकाबला पंचायत नौशेरा और महानपुर बी पंचायत के बीच रहा। इसमें अंकों के आधार पर नौशेरा पंचायत की टीम ने बाजी मारी। इस मौके पर मुख्य अतिथि बीडीसी चेयरमैन ने कहा कि अब पंचायत ब्लॉक से चुने गए खिलाड़ियों का मुकाबला जिला स्तर पर होगा। इससे खिलाड़ियों को अपना बेहतर प्रदर्शन दिखाने का मौका मिलेगा। इस मौके पर शारीरिक शिक्षा अध्यापक के साथ-साथ बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ी उपस्थित रहे।