कठुआ। सेना भर्ती में शारीरिक परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों में डेढ़ साल बाद भी लिखित परीक्षा न करवाने पर रोष है। मंगलवार को इन अभ्यर्थियों ने डीसी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर जल्द लिखित परीक्षा करवाने की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों में शामिल तरुण रैणा ने बताया कि उन्होंने डेढ़ साल पहले जम्मू में भर्ती की शारीरिक परीक्षा पास की थी, लेकिन अब तक लिखित परीक्षा नहीं हुई है। चार बार परीक्षा की तारीख घोषणा की गई, जिसे हर बार स्थगित कर दिया जाता है। कहा कि कई आवेदक आयु सीमा को पार कर चुके हैं। सामाजिक कार्यकर्ता अमरीश जसरोटिया ने कहा कि रोजगार के अवसर कम होने के कारण जम्मू संभाग के युवाओं में निराशा बढ़ती जा रही है। अरुण शर्मा ने कहा कि जम्मू संभाग के पहाड़ी क्षेत्र के युवाओं में सेना में जाने का अलग ही जुनून है। लेकिन लिखित परीक्षा न होने से युवाओं में निराशा है। युवाओं ने चेतावनी दी कि जल्द परीक्षा को लेकर कोई निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन शुरू कर देंगे।