कठुआ। शहर की सड़कों के किनारे खड़े किए जा रहे वाहनों को ट्रैफिक पुलिस की ओर से लिफ्ट करने का जम्मू-कश्मीर एक्स सर्विस मैन वेलफेयर एसोसिएशन ने विरोध किया है। वीरवार को मासिक बैठक में एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने प्रशासन से इसे बंद करवाने की मांग की है।
एसोसिएशन के चेयरमैन ज्ञान सिंह पठानिया ने कहा कि शहर में आवागमन के मुख्य मार्ग कॉलेज रोड पर खड़े किए जा रहे वाहनों के खिलाफ की जाने वाली कार्रवाई तब तक जायज नहीं, जब तक इस सड़क के महत्वपूर्ण स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था न हो जाए। कालीबड़ी से लेकर हटली मोड़ तक सात किलोमीटर मार्ग पर शहर के आधा दर्जन से ज्यादा बैंक की शाखाएं, इतने की मॉल और सरकारी कार्यालय हैं। जिनके पास पार्किंग की सुविधा नहीं है। पार्किंग की सुविधा विहीन इन संस्थानों को अगर प्रशासन ने ऐसे स्थानों पर खोलने की अनुमति दे रही है तो वहां आने वाले लोगों को या प्रशासन खुद पार्किंग मुहैया करवाए, अथवा ट्रैफिक पुलिस को उन स्थानों को कार्रवाई बंद करने के निर्देश देने चाहिए। बैठक में एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोहर सिंह, जाट राम शर्मा, रतन वर्मा, मदल सिंह, बलबीर सिंह, सुख राम जरनैल सिंह, महताब सिंह आदि उपस्थित रहे।