हीरानगर। हीरानगर थाने में बीते रविवार को पुलिस हिरासत में हुई युवक सुनील वर्मा की संदिग्ध मौत के मामले की जांच जारी है। वीरवार को चार और गवाहों के बयान दर्ज किए गए। अब तक मामले में आठ लोगों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। वीरवार को पीडब्ल्यूडी के गेस्ट हाउस में मजिस्ट्रेट एडीसी अतुल गुप्ता के समक्ष गवाहों ने बयान दर्ज कराए। इससे पहले मंगलवार को हीरानगर थाने में उन दो लोगों के बयान लिए गए थे, जो सुनील वर्मा के साथ हवालात में बंद थे। बुधवार को भी दो लोगों के बयान दर्ज किए गए।
बता दें कि सुनील वर्मा को हीरानगर पुलिस ने हेरोइन तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया था, जिसकी बीते रविवार को थाने में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। विरोध में परिजनों और गांव के लोगों ने घगवाल रेलवे स्टेशन के पास रेल ट्रैक पर शव रखकर प्रदर्शन कर पुलिस पर हत्या का आरोप लगाया था। इसके बाद प्रशासन ने मामले की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए और 15 दिन में जांच रिपोर्ट सौंपने के आदेश जारी किए गए। इस मामले में तीन पुलिस कर्मियों को निलंबित करने के साथ थाना प्रभारी को जिला पुलिस लाइन में अटैच किया गया है। हालांकि अभी तक किसी पर भी एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।