हीरानगर। पथवाल में शराब की दुकान खोलने के विरोध में मंगलवार को लोगों ने प्रदर्शन किया। इस संबंध में शिष्टमंडल एसडीएम राकेश शर्मा से भी मिला और मांग की कि इस इलाके में शराब की दुकान न खोलने दी जाए।
प्रदर्शन में शामिल पंच सुरेश शर्मा ने कहा कि इस इलाके में शराब की दुकान खोलने का प्रयास कुछ महीनों से चल रहा है। इसका विरोध स्थानीय लोगों की ओर से लगातार किया जा रहा है। मंगलवार को लोगों को जानकारी मिली की शराब की दुकान खोलने के लिए आम लोगों की सहमति जानने के लिए आबकारी विभाग की टीम यहां आई।
जैसे ही टीम के पहुंचने की जानकारी लोगों को मिली तो लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शराब की दुकान किसी कीमत पर नहीं खुलने देंगे। यह हमारे बच्चों के भविष्य और बहू बेटियों की सुरक्षा का मसला है।
अगर जबरदस्ती से शराब की दुकान खोलने की कोशिश की गई, तो हाईवे पर पहुंचकर विरोध जताएंगे। उधर, एसडीएम ने शिष्टमंडल को आश्वासन दिया कि लोगों की सहमति के बिना इस क्षेत्र में शराब की दुकान नहीं खुलेगी।