कठुआ। डोडा जिले के भद्रवाह में स्थित वासुकी नाग मंदिर में तोड़फोड़ के विरोध में बनी उपमंडल में लोगों का गुस्सा थम नहीं रहा है। मंगलवार को भी बनी में युवाओं ने कस्बे के मुख्य मार्ग पर प्रदर्शन कर इस घटना के लिए प्रदेश प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। डुग्गन में भी प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि इस तरह से मंदिरों में बेअदबी होती रही तो बर्दाश्त नहीं करेंगे।
युवाओं ने कहा कि मूर्तियों का तोड़ा जाना सीधे तौर पर हिंदू समुदाय की आस्था के साथ खिलवाड़ है। मांग की कि जल्द आरोपियों की पहचान कर उन्हें कड़ी सजा दी जाए। सरपंच धनी राम व पूर्व सरपंच ने कहा कि 2015 में भी इसी तरह मूर्तियों को तोड़ा गया था। उस वक्त जो लोग गिरफ्तार किए गए थे, उन्हें छोड़ दिया गया। आज भी इसी तरह की हरकत की गई है। डुग्गन के साथ बनी, लोहाई मल्हार, ढूडू, बसंतगढ़ से भी कैलाश कुंड के लिए यात्राएं जाती हैं। हजारों भक्तों की आस्था के केंद्र पर इस तरह की हरकत को अंजाम देने वालों को जल्द तलाशकर उन्हें कड़ी सजा दी जानी चाहिए।
चेतावनी दी कि अगर प्रशासन ने सकारात्मक कार्रवाई नहीं की तो इसके खिलाफ सड़क पर उतरेंगे। नायब तहसीलदार ने धरने पर बैठे लोगों को आश्वासन दिया कि दो-तीन दिनों में प्रशासन आरोपियों को तलाश कर कार्रवाई करेगा।