हीरानगर। धान खरीद केंद्र में किसानों को पर्याप्त सुविधाएं न मिलने पर वीरवार को हरिया चक में किसानों ने प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि फसल खरीदने की व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो सड़कों पर उतर कर धरने प्रदर्शन करेंगे।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे रामपाल शर्मा ने कहा कि मंडी में किसानों को कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। न तो बोरियों की व्यवस्था है, न ही पंखे चलाने के लिए बिजली की। पूछने पर एक ही जवाब मिलता है कि बोरियां देना एफसीआई का काम है और बिजली उपलब्ध कराना विद्युत विभाग का।
फसल खरीदने के बाद किसानों को पैसे का भुगतान करने का भी कोई समय तय नहीं है। कुछ किसानों को पिछले महीने का भी भुगतान नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा कि बारिश के कारण फसलों को नुकसान पहुंचने से पहले ही किसान बेहद परेशान हैं। थोड़ी बहुत फसल बची है, उसे खरीद केंद्रों में बेचने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि प्रशासन ने यहां व्यवस्था में कोई सुधार नहीं किया है। इसी तरह से परेशान होते रहे तो मजबूरन सड़क पर उतरेंगे। प्रदर्शन करने वालों रमेश सिंह, सतपाल, राकेश कुमार, कालिदास आदि शामिल रहे।